Breaking News

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता मित्रों का सम्मान

 

राजगढ    राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान अंतर्गत मंगल भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता मित्रों का हार एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वच्छता मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज एवं शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण बताया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजगढ़ श्री यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने अपने संबोधन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों एवं स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रपति महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना और स्वयं स्वच्छता कार्यों में सहभागिता कर समाज को प्रेरणा दी। उनके विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता मित्र प्रतिदिन अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्य के प्रति सम्मान एवं उनके योगदान को प्रोत्साहित करना हम सभी का दायित्व है। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गुर्जर ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को स्मरण किया तथा स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वच्छता मित्रों का सम्मान कर “स्वच्छता ही सेवा” के संकल्प को दोहराया तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ राजगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button