Breaking News

इंदौर में युवती से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध मौत…. परिजनों ने किया चक्काजाम का प्रयास….

– इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती से विवाद के बाद युवक ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने चक्काजाम का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

दरअसल यह मामला 18 और 19 अक्टूबर की मध्य रात्रि का है। बाणगंगा थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय चिराग सेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, चिराग पिछले चार-पांच वर्षों से एक युवती के संपर्क में था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। इससे युवक परेशान रहता था। घटना की रात युवती खजराना थाना क्षेत्र में आयोजित गरवा में अपने दोस्तों के साथ मौजूद थी। इसी दौरान चिराग भी वहां पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद युवक द्वारा कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने की बात सामने आई। उसे तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चक्काजाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे हट गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, युवती की प्रताड़ना से जुड़े साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button