सियोल घोषणापत्र पर मुख्य सचिव ने किए हस्ताक्षर

सियोल/जयपुर, 19 नवंबर। राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष के रूप में गुरुवार को सियोल घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए। कोरिया गणराज्य के सियोल में आयोजित आईआईएएस 2026 सम्मेलन के दौरान उन्होंने लोक प्रशासन संस्थाओं और भागीदार संगठनों के प्रमुखों के साथ आर्थिक विकास को लोगों के जीवन में स्थायी सुधार से जोड़ने की साझा प्रतिबद्धता जताई।
घोषणापत्र की पांच प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि आर्थिक विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सरकार की सक्रिय भूमिका के साथ उद्योग जगत, शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज और स्थानीय समुदायों के बीच सहयोग जरूरी है। उन्होंने नीति निर्माण में नागरिकों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्मिकों की सार्थक भागीदारी पर भी जोर दिया।
सामाजिक नवाचार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक समस्याओं के सफल समाधानों की पहचान कर उन्हें व्यापक स्तर पर अपनाने की जरूरत है। कानूनी, संस्थागत और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार से इस प्रक्रिया को गति दी जा सकती है। टेक्नोलॉजी और डेटा का जिम्मेदारी से उपयोग भी इन प्रयासों को मजबूत बनाने में सहायक होगा।
श्री वी. श्रीनिवास ने संयुक्त अध्ययन, नीतिगत संवाद और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के जरिए शोध को प्रशासनिक कामकाज से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और निजी संसाधनों को ऐसी पहलों में लगाया जाना चाहिए, जिनसे समाज को मिलने वाले लाभों का ठोस आकलन किया जा सके। इसके लिए विश्वसनीय मूल्यांकन, पारदर्शिता और जवाबदेही महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि भागीदार संस्थाएं इन सिद्धांतों को व्यावहारिक सहयोग में बदलने और अपनी प्रगति साझा करने का प्रयास करेंगी। राजस्थान के लिए यह सहभागिता जनसेवाओं और जनशिकायतों के निस्तारण से जुड़े अपने अनुभव अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने तथा दूसरे देशों की प्रभावी कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर प्रदान करती है।
अन्य हस्ताक्षरकर्ताओं में इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स एंड इंस्टीट्यूट्स ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन की अध्यक्ष प्रो. लीजेल लुएस, यूरोपियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की अध्यक्ष प्रो. सबीने कुलमान और एशियन ग्रुप फॉर पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के अध्यक्ष प्रो. एको प्रासोजो शामिल रहे। आईआईएएस 2026 सियोल सम्मेलन की आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. यंग बम ली और 100x इम्पैक्ट के मुख्य कार्यकारी कियरन बॉयल (ओबीई) ने भी घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए।




