खिलचीपुर पुलिस की कार्रवाई, नातरा/झगड़ा मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

राजगढ़। खिलचीपुर पुलिस ने नातरा/झगड़ा से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर 20 लाख रुपये की झगड़े की मांग पूरी नहीं होने पर भूसे तथा पिंडावड़े में आग लगाकर नुकसान किया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उन्हें जिला जेल राजगढ़ भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार घटना 21 अगस्त 2026 की है। ग्राम चांदपुरा निवासी रायसिंह पिता भागीरथ गुर्जर, उम्र 35 वर्ष, ने थाना खिलचीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम कचनारिया निवासी कमल सिंह, बलवन्त और भगवानसिंह द्वारा बलवंत से 20 लाख रुपये की झगड़े की मांग की गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों द्वारा फरियादी के भूसे तथा गांव के बनेसिंह के पिंडावड़े में आग लगाकर नुकसान करने और बलवंत को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना खिलचीपुर में अपराध क्रमांक 329/2026, धारा 308(4), 326(F), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा मौका और नुकसानी पंचनामा तैयार किया तथा फरियादी एवं साक्षियों के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार विवेचना में आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कमल सिंह पिता सुजानसिंह गुर्जर (26), बलवन्त पिता सुजानसिंह गुर्जर (22) और भगवानसिंह पिता सुजानसिंह गुर्जर (30) शामिल हैं। तीनों ग्राम कचनारिया, थाना माचलपुर, जिला राजगढ़ के निवासी हैं।




