बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ धतरावदा हाईस्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जीरापुर। ग्राम पंचायत धतरावदा के ग्राम धतरावदा स्थित हाईस्कूल में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बाल सगाई, बाल विवाह एवं बाल श्रम जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के प्रति समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया। बच्चों को बताया गया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और स्वस्थ वातावरण में आगे बढ़ने का अधिकार है। साथ ही बाल विवाह एवं बाल श्रम से बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।
बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम में बाल विवाह को रोकने के लिए बच्चों, परिवार और समाज की भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि बाल विवाह केवल बच्चों के वर्तमान को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उनके शिक्षा और भविष्य के अवसरों पर भी असर डाल सकता है। समाज में जागरूकता फैलाकर ऐसी कुप्रथाओं को रोकने में बच्चे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने, अपने आसपास लोगों को जागरूक करने तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी की जिला कॉर्डिनेटर निकिता मेवाड़े, फील्डवर्कर हेमराज दांगी एवं नीलेश मालवीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बाल अधिकारों एवं बाल विवाह रोकथाम से संबंधित जानकारी को गंभीरता से समझा और जागरूकता अभियान में सहयोग करने की बात कही।



