15 नवंबर को C-21 मॉल में होगा कॉन्सर्ट, IED से स्टेज उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और SIT जांच में जुटी

इंदौर। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर के C-21 मॉल में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले धमकी भरे ई-मेल मिलने का मामला सामने आया है। खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए एक ई-मेल में कॉन्सर्ट और उसके स्टेज को IED से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले शहर के स्कूलों, महापौर कार्यालय और ग्वालियर हाईकोर्ट को भी धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं।
धमकी भरे संदेशों में अभिभावकों को अपने बच्चों को कॉन्सर्ट में नहीं भेजने की चेतावनी भी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और SIT ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।
इधर, इन धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर इंदौर की मशहूर छप्पन दुकान की पुरानी तस्वीरें साझा कर शहर आने की जानकारी दी। उन्होंने अपने खास अंदाज में लिखा कि इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाएंगे।
दिलजीत की इस पोस्ट के बाद उनके इंदौरी प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की नजरें 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट और सुरक्षा व्यवस्था पर टिकी हैं।



