RAJGARH

धूमधाम से निकला भगवान श्री देवनारायण जन्मोत्सव का चल समारोह नगर में जगह-जगह हुआ स्वागत, युवाओं ने डीजे की धुन पर किया नृत्य, अखाड़े के कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

राजगढ़। भगवान श्री देवनारायण जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को राजगढ़ नगर में गुर्जर समाज द्वारा भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। नगर में निकली यात्रा का सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

चल समारोह में समाज के युवा डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। वहीं अखाड़े के कलाकारों ने विभिन्न प्रकार के हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। यात्रा के दौरान भगवान श्री देवनारायण के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

जन्मोत्सव समिति द्वारा समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों एवं अतिथियों ने प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

चल समारोह नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः भगवान श्री देवनारायण मंदिर परिसर, खुजनेर रोड पहुंचा। यहां भगवान श्री देवनारायण की आरती की गई। इसके बाद कार्यक्रम में पधारे जनप्रतिनिधियों एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा संबोधित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, क्षेत्रीय विधायक अमर सिंह यादव, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत गुर्जर, दिल्ली से पधारे महंत जी सहित बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button