RAJGARH
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया राजगढ़ जेल का आकस्मिक निरीक्षण

- राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को जिला जेल राजगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी भी साथ रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों से संबंधित अभिलेखों तथा मुलाकात व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ई-प्रिजन एप एवं पोर्टल पर दर्ज जानकारी का अवलोकन करते हुए बंदियों से संबंधित दैनिक एवं मासिक गोशवारा की जानकारी ली। उन्होंने पैरोल से संबंधित प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए पैरोल प्रकरणों में आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जेल में बंदियों से मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों की प्रवेश एवं मुलाकात की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी ली। इस दौरान मुलाकात के लिए आने वाले आवेदकों की एंट्री किस प्रकार की जाती है, मुलाकात पास बनाने की प्रक्रिया, आवेदन पत्र तथा निर्धारित शुल्क आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मुलाकात के लिए प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया तथा व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही महिला मुलाकात कक्ष एवं जाली कक्ष का निरीक्षण करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने जेल प्रशासन को बंदियों एवं उनके परिजनों के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सभी अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं का नियमानुसार संधारण करने के निर्देश दिए।




