Breaking News

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 को दी 20 करोड़ के विकास की बड़ी सौगात

 

इंदौर – शुक्रवार दिनांक 23 अक्टूबर को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 में 20 करोड़ की लागत से बनने वाली मास्टर प्लान की टिगरिया बादशाह से कुशवाह नगर मेन रोड होते हुए बाणगंगा तक और अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नर्मदा लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि इस विधानसभा को समस्या मुक्त बनाना। इस विधानसभा को हम मॉडल विधानसभा बनाएंगे।

 

*नमो कोचिंग में मिलेगी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा की ट्रेनिंग*

 

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मेरी इच्छा थी कुशवाह नगर मेन रोड एम जी रोड जैसा बने और यह 100 फीट चौड़ा हो, लेकिन रहवासियों और व्यापारियों के आग्रह पर इसको 60 फीट का बनाया जा रहा है। इस रोड के आकार लेने के बाद इस क्षेत्र की प्रापर्टी के दर में काफी इजाफा होगा और यहां के रहवासी करोड़पति बन जाएंगे। आपको करोड़पति बनाने का काम भाजपा कर रही है। व्यापारियों की मांग पर इस रोड का कार्य दिवाली के बाद शुरु किया जाएगा। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने रोड के ठेकेदार को मंच पर बुलाकर उनसे सड़क संबंधी जानकारी मांगी और कहा कि रोड की गुणवत्ता बेहतर होना चाहिये। इस अवसर पर उन्होंने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से इस रोड की मॉनिटरिंग के लिए किसी सक्षम अधिकारी को नियुक्त करने को कहा। उन्होंने इस सड़क का निर्माण तेज गति से करने के लिए कहा और कहा कि यह सड़क इस क्षेत्र की लाइफ लाइन है इसलिए यहां का आवागमन ज्यादा समय तक प्रभावित नहीं होना चाहिये। विकास के लिए रहवासियों को भी पीछे नहीं हटना चाहिये, जब में महापौर था तो सबसे पहले मैने अपने मकान का हिस्सा विकास के लिए हटाया था। इसलिए आप भी इस सड़क के लिए अपने बाधक हिस्सों को हटाने मे सहयोग दे। आकाश जी ने स्कॉलरशीप लेकर विदेश में शिक्षा ली। उसमें मेरा पैसा नहीं लगा इसलिए वह शिक्षा के महत्व को काफी अच्छी तरह से समझते हैं। आकाश जी की इच्छा है कि यहां के गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले इसके लिए उन्होंने सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं दी है साथ ही आंगनवाड़ियों को भी उन्नत किया है। अब आकाश जी बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा में चयन करवाने के लिए नमो कोचिंग क्लासेस शुरु कर रहे हैं। इस कोचिंग क्लास में 100 प्रतिभावान गरीब बच्चों का चयन कर उनको प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी। इसके लिए कौटिल्य अकॉदमी के उच्च शिक्षित शिक्षक बच्चों का पढ़एंगे। मेरे पिताजी मिल मजदूर थे इसलिए मैं गरीबी को अच्छी तरह समझता हूं। जब मैं महापौर था तब मैने नगर निगम में शिक्षा उपकर लगाया था। महापौर शहर का पिता होता है इसलिए शहर के बच्चों की शिक्षा की चिंता उसको करना चाहिये। भाजपा के कार्यकर्ता भगवान से ज्यादा जनता की सेवा करते हैं।

 

*कैलाश जी ने इस सड़क को मास्टर प्लान में शामिल किया है – महापौर पुष्यमित्र भार्गव*

 

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि 30 साल से कुशवाह नगर मेन रोड के निर्माण की बात हो रही थी। कैलाशजी मंत्री बनने के बाद जब पहली बार यहां से निकले तो उन्होंने कहा कि इस रोड को 100 फीट की बनाना है तब मैने उनसे निवेदन किया कि इस रोड को मास्टर प्लान में शामिल करें। तब कारोबारियों और रहवासियों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इसको 60 फीट बनाने का निश्चय किया गया। वर्तमान में 600 करोड़ की लागत से मास्टर प्लान के तहत 24 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। सभी सड़कें मंत्री कैलाश जी के प्रयास से बन रही हैं। 2011 में शहर की आबादी 22 लाख थी अभी 2026 में 44 लाख है। शहर बढ़ रहा है और बाहर से भी लोग रोजगार की तलाश में इंदौर में आ रहे हैं इसलिए हम भविष्य के इंदौर का निर्माण कर रहे हैं। 20 साल बाद के इदौर की चिंता भाजपा की सरकार कर रही है। 2029 में इंदौर को आज से दोगुना पानी मिलेगा। हमारी कोशिश है कि 2029 में इंदौरवासियों को 24 घंटे पानी मिले। । हमने ऐसा पोर्टल बनाया है यहां एक क्लिक पर आपको जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से लेकर सभी जानकारियां मिल जाएगी। 3 सालों में 40 हजार घरों मे सोलर सिस्टम लगाए गए हैं, जहां 100 मेगावाट बिजली बन रही है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय जी ने शहर को वृक्षारोपण में अव्वल बनाया है। इस तरह इंदौर क्लीन, ग्रीन, डिजिटल और सोलर सिटी बन गया है।

 

*इस रोड के बनने से पश्चिम क्षेत्र की बड़ी आबादी को मिलेगा फायदा*

 

18 मीटर चौडाई के कुशवाह नगर मेन रोड का निर्माण टिगरिया बादशाह मेन रोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका बाणगंगा तक किया जाएगा। क्षेत्रवासियों की मांग और आगामी सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस रोड को इंदौर विकास योजना (मास्टर प्लान) 2021 में शामिल करवाकर, इसके निर्माण के लिए 18 करोड़ की राशि विशेष निधि से स्वीकृत कराई है। आनेवाले समय में इस रोड के निर्माण के बाद अतिव्यस्त बाणगंगा क्षेत्र में यातायात सुगम हो जाएगा और मरीमाता से लेकर बाणगंगा मेन रोड पर यातायात का दबाव भी कम होगा।

सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस रोड के बन जाने से फायदा मिलेगा, इस रोड का फायदा वार्ड 12 और 17 दोनों के रहवासियों के साथ शहर की लाखों की आबादी को मिलेगा। रोड निर्माण के लिए बाधक हिस्सों को हटाया गया है और आगे भी कुछ बाधक हिस्से हटाए जाएंगे। रोड निर्माण की लागत 18 करोड़, जबकि नर्मदा लाइन पर 2 करोड़ 25 लाख की लागत आएगी।

 

*क्षेत्र वासियों ने मंत्री विजयवर्गीय का नागरिंक अभिनंदन कर उन्हें फलो से तोला*

 

कुशवाह नगर के रहवासियों ने अपने चहेते मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय का विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों के लिए धन्यवाद कर फलों से तोलकर उनका नागरिक अभिनंदन किया।

इससे पहले भी वार्ड 17 में करीब 40 करोड़ के कार्य हो चुके हैं।

 

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का हार-फूलों, ढोल-ताशों और आतीशबाजी से भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद शिवम यादव, सीमा कृष्णवल्लभ डाबी , एम आई सी सदस्य मनीष शर्मा मामा , निरंजन सिंह चौहान , बबलू शर्मा , नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ,भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button