Breaking News

राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का पलटवार, बोले- नक्सलवाद समाप्त होने के बाद क्षेत्र में तेजी से पहुंच रही विकास की सुविधाएं

भोपाल। राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नक्सलवाद, विकास और आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को लेकर कई सवाल उठाए। प्रेस को संबोधित करते हुए शुक्ल ने कहा कि जिस क्षेत्र में लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती रही, वहां अब सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, दूरसंचार और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट आकर जिस तरह के सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह भी देखना चाहिए कि लंबे समय तक देश और मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारों के दौरान नक्सलवाद की स्थिति क्या रही। उन्होंने वर्ष 2004 से 2014 के बीच देश में नक्सलवाद के प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में वर्ष 1999 में तत्कालीन गृह मंत्री लिखीराम कावरे की नक्सलियों द्वारा हत्या की घटना भी इस चुनौती की गंभीरता को दर्शाती है।

शुक्ल ने कहा कि नक्सलवाद समाप्त होने के बाद अब उन क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से बैगा, सहरिया और भारिया जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों तक सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने दावा किया कि जिन क्षेत्रों में पहले नक्सल गतिविधियां चुनौती बनी हुई थीं, वहां अब मोबाइल टावर, 4जी-5जी कनेक्टिविटी, सड़क, स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दो विकासखंडों में 45 हजार से अधिक लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग किए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए नए आंगनबाड़ी केंद्र खोले गए हैं तथा 10 नए उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।

 

उपमुख्यमंत्री के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन कर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में परिवर्तित किया गया है और 20 बिस्तरों की क्षमता वाले अस्पतालों की सुविधा भी विकसित की जा रही है। इसके अलावा मेडिकल मोबाइल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

राहुल गांधी के दौरे के समय पर उठाए सवाल

 

राजेंद्र शुक्ल ने बालाघाट की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि सरकार ने घटना के बाद तत्काल आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य प्रतिनिधियों ने क्षेत्र का दौरा किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। चार ब्लॉक महिला विकास अधिकारियों की पदस्थापना और 14 आंगनबाड़ी केंद्रों की घोषणा का भी उन्होंने उल्लेख किया।

 

उन्होंने राहुल गांधी के दौरे के समय पर सवाल उठाते हुए इसे देर से किया गया दौरा बताया और कहा कि यदि वे समस्या के प्रति गंभीर थे तो उन्हें घटना के बाद तत्काल क्षेत्र में पहुंचना चाहिए था।

 

लाड़ली बहना योजना और आहार अनुदान का किया उल्लेख

 

शुक्ल ने राहुल गांधी द्वारा लाड़ली बहना योजना को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि योजना की शुरुआत मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने की थी और इसमें दी जाने वाली राशि को ₹1,000 से बढ़ाकर ₹1,500 किया गया।

 

उन्होंने बैगा, भारिया और सहरिया समुदाय की महिलाओं के लिए संचालित आहार अनुदान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत पात्र महिला मुखिया को प्रतिमाह ₹1,500 की सहायता दी जा रही है।

 

कांग्रेस के शासनकाल और मध्यप्रदेश के विकास पर भी बोले

 

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक समय मध्यप्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, जबकि आज प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, ग्रामीण विकास और दूरसंचार जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

 

उन्होंने राहुल गांधी से नेता प्रतिपक्ष की भूमिका सकारात्मक तरीके से निभाने की अपील करते हुए लोकसभा में चर्चा और बहस को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए। शुक्ल ने कहा कि एक ओर लोकसभा में मुद्दे उठाने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर सदन की कार्यवाही बाधित होने के आरोप लगते हैं।

 

नक्सलवाद और राष्ट्रीय मुद्दों का किया उल्लेख

 

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की गई है और प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अनुच्छेद 370, 35ए, नागरिकता संशोधन कानून, समान नागरिक संहिता और घुसपैठ जैसे राष्ट्रीय मुद्दों का भी उल्लेख किया।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं और कहा कि जनता चुनाव के समय सरकारों के कामकाज का मूल्यांकन करती है।

 

उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर कहा कि यह दौरा काफी देर से हुआ और उन्होंने इसे राजनीतिक रूप से उठाए गए मुद्दों से जोड़ते हुए कांग्रेस की नीतियों और उसके पूर्व शासनकाल पर सवाल खड़े किए।

Related Articles

Back to top button