मुख्यमंत्री ने की चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा, पचास लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

देहरादून(SHABD)।चारधाम यात्रा में अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। जबकि 66 लाख से अधिक यात्रियों ने अब तक यात्रा में आने के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम और भूस्खलन की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए, उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री धाम में भीड़ को देखते हुए धाम से लगभग 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने, डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।




