RAJGARH

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती पर ब्यावरा विधानसभा में निकली कलश वंदन यात्रा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने किया आत्मीय स्वागत

 

राजगढ़    संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय “कलश वंदन यात्रा” का ब्यावरा विधानसभा में आगमन हुआ। पीपलबे आश्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार एवं ब्यावरा विधानसभा के कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संतजन एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

यात्रा के ब्यावरा विधानसभा में प्रवेश के अवसर पर सर्वप्रथम संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके पश्चात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने अपने शीश पर पवित्र कलश धारण कर कलश वंदन यात्रा को विधिवत रवाना किया। इस दौरान संत कल्याण पुरी महाराज जी सहित उपस्थित संतजनों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

 

कलश वंदन यात्रा ब्यावरा विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ग्राम कटारियाखेड़ी, ग्राम खुरी तथा ब्यावरा शहर में माता मंड से सिलावट मोहल्ला होते हुए आंबेडकर चौराहा पर ब्यावरा मंडल की सम्पन्न हुई यात्रा में सम्मिलित हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया और संत रविदास जी के विचारों एवं संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी का संपूर्ण जीवन मानवता, समानता, सामाजिक समरसता और सद्भाव के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को एकता और भाईचारे की राह दिखाते हैं।

 

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने आचरण और वाणी से समाज को यह संदेश दिया कि ईश्वर की प्राप्ति के लिए मन की पवित्रता होना अति आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने बनारस से जुड़े प्रसिद्ध प्रसंग पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही कहा कि संत रविदास जी ने समानता एवं मानव गरिमा का संदेश दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी प्रेम, विश्वास और समरसता में निहित है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल स्मरण न करें, बल्कि अपने जीवन में उतारें और समाज में प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान एवं अधिकार की भावना को मजबूत करें।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान और प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना है। शिक्षा, आवास, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, गरीब कल्याण तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास इसी संकल्प को साकार कर रहे हैं।संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित “समरसता संकल्प अभियान” केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का जनआंदोलन है। कलश वंदन यात्रा हमें संत रविदास जी के विचारों को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का अवसर दे रही है।

Related Articles

Back to top button