RAJGARH

लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश, बॉटम-5 अधिकारियों को चेतावनी

 

राजगढ़ आगामी 11 सितम्बर को पीलूखेड़ी में आयोजित होने वाले जनविश्वास अभियान की तैयारियों एवं लंबित शिकायतों के निराकरण को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने सोमवार को आयोजित समय सीमा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

*शिकायतें बंद नहीं कराने पर कार्रवाई की चेतावनी*

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने निर्देश दिए कि जनविश्वास अभियान से संबंधित लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण कर उन्हें पोर्टल पर बंद कराया जाए। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में शिकायतों के निराकरण के आधार पर बॉटम-5 अधिकारियों की समीक्षा की गई। इनमें अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग श्री पी.के. शर्मा, कनिष्‍ठ अभियंता ऊर्जा विभाग श्री उमेश मिश्रा, मैनेजर ऊर्जा विभाग श्री अजित भुमरकर, उप प्रबंधक म.प्र. जल निगम मर्यादित श्री गौरव गुप्ता तथा नगर पालिका अधिकारी राजगढ़ श्री पवन कुमार अवस्थी शामिल रहे। संबंधित अधिकारियों को शिकायतें बंद नहीं कराने पर चेतावनी देते हुए कहा गया कि समय-सीमा में निराकरण नहीं होने पर जुर्माना शुल्क जमा कराने की कार्रवाई की जाएगी।

 

*विद्यालय नहीं आने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश*

 

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं होने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों से नोटिस का तीन दिवस में जवाब लिया जाए तथा उन्हें कार्यालय में उपस्थित होकर जवाब देने के लिए बुलाया जाए।

 

*सार्थक उपस्थिति एवं ई-ऑफिस की भी हुई समीक्षा*

 

बैठक में सार्थक अटेंडेंस की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अटेंडेंस व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ई-ऑफिस में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button