सहकारी समितियों से प्रत्येक किसान को जोड़ना प्राथमिकता — श्री यादव अपेक्स बैंक प्रशासक ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ में सदस्यता महाअभियान सहित बैंकिंग गतिविधियों की समीक्षा की

राजगढ़ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा उन्हें सहकारी व्यवस्था से जोड़ने के उद्देश्य से 20 अप्रैल, 2026 से प्रदेश में प्रारंभ किए गए सदस्यता महाअभियान के अंतर्गत अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ में सदस्यता अभियान सहित बैंक की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। श्री यादव ने कहा कि किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न संभागों एवं जिलों का भ्रमण कर सदस्यता महाअभियान की प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को शासन की योजनाओं, कृषि ऋण, खाद एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि समिति प्रबंधक सहकारी आंदोलन की रीढ़ हैं और शासन तथा आमजन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि दूरस्थ अंचलों में निवास करने वाले प्रत्येक पात्र किसान को सहकारी समिति से जोड़ा जाए। इसके लिए किसानों के साथ मृदुभाषी व्यवहार, बेहतर कार्यप्रणाली एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करते हुए उन्हें सहकारिता से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। श्री यादव ने राजगढ़ जिले में सदस्यता महाअभियान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर समीक्षा के बाद आगामी समय में समिति स्तर पर भी पहुंचकर अभियान की प्रगति एवं किसानों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी।
*एक वर्ष की अवधि में 3 लाख रुपये तक के ऋण का लाभ*
श्री यादव ने कहा कि पूर्व में रबी एवं खरीफ फसलों के लिए 6 माह की अवधि के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाता था, जिससे किसानों को ऋण चुकाने में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। किसानों के हित में किए गए आग्रह पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अब ऋण चुकाने की अवधि एक वर्ष की गई है। इससे किसान एक वर्ष की अवधि में 3 लाख रुपये तक का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर चुका सकेंगे और पात्रतानुसार आगामी वर्ष पुनः ऋण प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पूर्व में किसानों को कृषि ऋण पर अपेक्षाकृत अधिक ब्याज दर का सामना करना पड़ता था, जबकि वर्तमान व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
*बैंक की तीन वर्ष की प्रगति का प्रस्तुतिकरण*
बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दीपक रघुवंशी ने बैंक की गतिविधियों एवं बैंकिंग कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने विगत तीन वर्षों में बैंक द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें ऋण वितरण, खाद वितरण, जमा वृद्धि, सदस्यता महाअभियान, वृक्षारोपण, ऋण वसूली तथा सहकारी समितियों में आयोजित चौपाल सहित अन्य गतिविधियां शामिल रहीं। प्रस्तुतिकरण के दौरान बताया गया कि बैंक द्वारा विगत तीन वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति दर्ज की गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ विगत तीन वर्षों से लगातार लाभ की स्थिति में है। बैठक में उपायुक्त सहकारिता श्री पी.एस. बारोटिया, बैंक के सभी शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक तथा मुख्यालय के सभी कक्ष प्रभारी उपस्थित रहे।




