बाल विवाह मुक्त राजगढ़ अभियान के तहत ग्राम जेतपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित* *ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी, बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का दिलाया संकल्प*

राजगढ़ जिले को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा से मुक्त कराने के उद्देश्य से संचालित बाल विवाह मुक्त राजगढ़ अभियान के अंतर्गत ग्राम जेतपुरा में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अंशु बाला मसीह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी श्रीमती कुसुम वास्कले ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं इसकी रोकथाम में पुलिस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुप्रथा होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें तथा इसकी रोकथाम में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। वन स्टॉप सेंटर, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रशासक श्रीमती रश्मि चौहान ने बालिकाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सुरक्षित भविष्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सामूहिक दायित्व है। बेटियों को शिक्षा एवं समान अवसर प्रदान कर ही सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी की टीम से श्रीमती रजनी प्रजापति ने भी सहभागिता कर सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती भास्कर द्वारा उपस्थितजनों को बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणजनों ने बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने गांव को बाल विवाह मुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।


