राजस्‍थान

अजमेर में चलेंगी 100 ई-बसें, पहले चरण में पांच की शुरूआत

जयपुर, 18 अगस्त। दुनियाभर में बढ़ते ई-वाहनों के चलन में अब अजमेर में भी इसकी महत्वपूर्ण शुरूआत हो गई ​है। प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर में 100 ई-बसें चलाई जाएगी। पहले चरण में मंगलवार से 5 बसों की शुरूआत की गई। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से इन ई-बसों का शुभारम्भ किया। अजमेर में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बस में सफर कर शुरूआत की।

इस अवसर पर नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर अब विकास के पथ पर तेजी से चल पड़ा है। उन्होंने शहरवासियों को बधाई देते हुए घोषणा की कि अजमेर के लिए कुल 100 ई-बसों की स्वीकृति मिली है। इसके प्रथम चरण के तहत आज शुरुआती 5 बसों को सड़कों पर उतारा गया है। यह नई शुरुआत अजमेर के सार्वजनिक परिवहन को एक आधुनिक और सुगम पहचान देगी।

श्री देवनानी ने ई-बसों की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन वातानुकूलित बसों में कई हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं। सभी बसें 26 सीटर क्षमता की हैं। इनमें यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बसों में सफर को सुरक्षित बनाने के लिए ऑटोमैटिक डोर (स्वचालित दरवाजे) लगाए गए हैं। बसों के सुचारू संचालन के लिए बस स्टैंड पर चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही, नोसर में 15 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक चार्जिंग पाइंट (डिपो) का निर्माण किया जा रहा है। इसका कार्य एक महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से शहर में प्रदूषण के स्तर में भारी कमी आएगी। डीजल-पेट्रोल वाहनों पर निर्भरता कम होने से अजमेर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मॉडल शहर बनकर उभरेगा।

नगर निगम शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस योजना के तहत अजमेर शहर को अत्याधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिली है।

Related Articles

Back to top button