बिहार-झारखण्‍ड

वैशाली इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टार्टअप कार्यशाला आयोजित

वैशाली(SHABD) : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली में बीटेक सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत स्टार्टअप एवं नवाचार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देना तथा उन्हें स्टार्टअप इकोसिस्टम से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में अटल इन्क्यूबेशन सेंटर, बिहार के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विजय प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव, प्लाज्मआईटी हेल्थकेयर, मेलबर्न के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अवधेश कुमार तथा जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), वैशाली के महाप्रबंधक भावेश कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

विशेषज्ञों ने छात्रों के साथ संवाद करते हुए स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नए विचारों पर कार्य करने, तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने तथा रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही नवाचार आधारित परियोजनाओं, उद्योगों से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान की शैक्षणिक, तकनीकी, शोध एवं स्टार्टअप गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने तथा नवाचार आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार तथा करियर से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की। आयोजन का उद्देश्य युवा इंजीनियरों में नवाचार की सोच विकसित कर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करना था।

Related Articles

Back to top button