12 सितंबर को साल की तीसरी लोक अदालत, 44,525 मामलों का हुआ चयन

नवादा (SHABD) : आगामी 12 सितंबर को वर्ष 2026 की तीसरी लोक अदालत आयोजित की जाएगी। लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित एवं सुलह योग्य मामलों का त्वरित निपटारा करने की तैयारी की जा रही है। जिला जज आशुतोष कुमार झा ने दूरदर्शन से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में लोक अदालत के लिए कुल 44,525 मामलों को चिह्नित किया गया है। इनमें से अब तक 3,100 मामलों में संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजा जा चुका है, जबकि शेष मामलों में भी शीघ्र नोटिस जारी किए जाएंगे।
जिला जज ने बताया कि लोक अदालत की जानकारी और इसका लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले की हर पंचायत में पैरा लीगल वालंटियर (PLV) की नियुक्ति की गई है। PLV लोगों से सीधे संपर्क कर उन्हें लोक अदालत की प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी देंगे तथा पात्र पक्षकारों को लोक अदालत तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। लोक अदालत इसी दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें विवाह संबंधी विवाद, वाहन दुर्घटना, वन एवं खनन से जुड़े मामले, चेक बाउंस सहित सुलह योग्य विभिन्न मामलों का निपटारा किया जा सकता है।
जिला जज ने कहा कि लोक अदालत आम लोगों के बीच लगातार लोकप्रिय हो रही है। यह पक्षकारों के लिए सरल और उपयोगी माध्यम होने के साथ न्यायपालिका पर लंबित मामलों के बोझ को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सुलह के माध्यम से मामलों का समाधान कराने की अपील की।




