कटिहार में पाकिस्तान आधारित संदिग्ध आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में युवक गिरफ्तार

कटिहार (SHABD) :केंद्रीय एवं राज्य की सुरक्षा एजेंसियों तथा कटिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित संदिग्ध आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के मुसापुर गांव निवासी मो. अहद (22 वर्ष), पिता– मो. आलम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. अहद को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ एवं उसके मोबाइल फोन तथा सोशल मीडिया खातों के तकनीकी विश्लेषण के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, मो. अहद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, फेसबुक तथा अन्य माध्यमों के जरिए पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राणा हुनैन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था। पुलिस का आरोप है कि राणा हुनैन, पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क से संबद्ध है। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि आरोपी उक्त नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ चैट, ऑडियो कॉल एवं अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से लगातार संपर्क में था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनसे यह संकेत मिलता है कि आरोपी कथित रूप से देश विरोधी गतिविधियों से संबंधित सामग्री का आदान-प्रदान कर रहा था। उस पर संवेदनशील स्थलों से जुड़ी सूचनाएं साझा करने, भारत विरोधी सामग्री का प्रचार-प्रसार करने तथा पाकिस्तान आधारित व्हाट्सएप चैनलों के लिंक अन्य लोगों तक पहुंचाने और उन्हें ऐसे चैनलों से जोड़ने का प्रयास करने का भी आरोप है।
जांच एजेंसियों का यह भी दावा है कि आरोपी की भूमिका भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ने और नेटवर्क को विस्तार देने की थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ एवं जांच के दौरान जिन अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन की जांच की गई, उनमें किसी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपत्तिजनक गतिविधि नहीं पाई गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन विधिवत जब्त किया है, जिसे फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच के लिए भेजा जा रहा है।
इस मामले में कोढ़ा थाना में कांड संख्या 229/2026 दर्ज कर आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
वरीय पुलिस पदाधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है तथा डिजिटल साक्ष्यों और आरोपी के संपर्कों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।




