RTI में मांगी जानकारी, जवाब में थमा दी अखबार की कटिंग!

राजगढ़। सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी को लेकर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ का जवाब सवालों के घेरे में आ गया है। आवेदक का आरोप है कि विस्तृत और बिंदुवार जानकारी मांगने के बावजूद जवाब में मुख्य रूप से अखबार की कटिंग और दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध करा दी गईं।
ग्राम पाका, तहसील खुजनेर निवासी रामबाबू गौड़, पिता बापूलाल गौड़ ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत कॉलेज में आवेदन प्रस्तुत कर शिक्षकों की संख्या, उपस्थिति, विद्यार्थियों की जानकारी, कॉलेज का परिणाम, CSR मद से खरीदी गई सामग्री, आय-व्यय, बस संचालन, छात्रवृत्ति, NAAC से संबंधित जानकारी सहित कई बिंदुओं पर प्रमाणित सूचना मांगी थी। आवेदन की पावती भी कॉलेज द्वारा जारी की गई थी।
निर्धारित समय के भीतर कॉलेज की ओर से जवाब भेजा गया, लेकिन आवेदक का कहना है कि कई बिंदुओं पर स्पष्ट एवं बिंदुवार जानकारी देने के बजाय कॉलेज के शुभारंभ से संबंधित अखबार की कटिंग तथा अन्य दस्तावेजों की प्रतियां संलग्न कर दी गईं। उनका आरोप है कि इससे मांगी गई सूचनाओं का स्पष्ट उत्तर नहीं मिल सका।
आवेदक का कहना है कि सूचना का अधिकार अधिनियम का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी, प्रमाणित और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अखबार की कटिंग उपलब्ध कराना सूचना देने की जिम्मेदारी पूरी करना माना जा सकता है?
आवेदक ने बताया कि उपलब्ध कराई गई जानकारी से संतुष्ट नहीं होने पर वे सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रथम अपील करेंगे।



