कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले के प्रयासों से छात्रावासों में पहुंची स्थानीय उत्पादों की सामग्री एनआरएलएम की प्रोसेसिंग यूनिट खिलचीपुर से करीब 20 हजार रुपये की सामग्री की आपूर्ति

राजगढ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले के प्रयासों से जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी क्रम में खिलचीपुर स्थित एनआरएलएम की प्रोसेसिंग यूनिट से राजगढ़ के दो छात्रावासों में लगभग 20 हजार रुपये मूल्य की सामग्री पहुंचाई गई है। स्थानीय स्तर पर तैयार एवं प्रोसेस की गई सामग्री की छात्रावासों में आपूर्ति से जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध होगी, वहीं महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों को भी बाजार एवं मांग से जोड़ने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले द्वारा जिले में स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने, उनके उत्पादों को स्थानीय स्तर पर उपयोग एवं बाजार उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण महिलाओं की आय के नए अवसर विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह पहल ‘स्थानीय उत्पाद–स्थानीय उपयोग’ की अवधारणा को मजबूत करने के साथ-साथ महिला स्व-सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इससे समूहों द्वारा तैयार सामग्री की मांग बढ़ने और उन्हें निरंतर आय का अवसर मिलने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
जिला प्रशासन द्वारा एनआरएलएम से जुड़े स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण, उत्पादन, प्रोसेसिंग एवं विपणन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भरता से आर्थिक सशक्तिकरण की ओर आगे बढ़ाया जा सके।


