गंगा दशहरा पर जिलेभर में होंगे जल संरक्षण एवं स्वच्छता कार्यक्रम* राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार होंगे मुख्य अतिथि
राजगढ़
“जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर 25 मई, 2026 को जिलेभर में व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में श्रमदान, साफ- सफाई, जल स्रोतों का संरक्षण, दीपदान एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिले में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए हैं कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का आयोजन गरिमामय एवं प्रभावी रूप से संपन्न कराएं, ताकि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के प्रति आमजन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रमों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा नगरीय क्षेत्रों में परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

