12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई

राजगढ़। नाबालिग बालक के साथ अप्राकृतिक कृत्य कर उसे घायल करने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उल्लेखनीय तत्परता का परिचय दिया है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. एल. बंजारे एवं एसडीओपी राजगढ़ अरविंद सिंह राठौर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
घटना का संक्षिप्त विवरण
पुलिस के अनुसार, 25 मार्च 2026 की तड़के करीब 3 बजे पीड़ित नाबालिग अपने पिता के साथ थाने पहुंचा। उसने बताया कि 24 मार्च की शाम लगभग 6:30 बजे गांव में बिजली नहीं होने के कारण उसने पंप हाउस पर सुरक्षा कार्य कर रहे युवक को मोबाइल चार्जिंग के लिए दिया था।
रात्रि लगभग 10:30 बजे जब वह मोबाइल लेने पहुंचा, तब आरोपी उसे पंप हाउस की ऊपरी मंजिल पर लाइट बंद करने का बहाना बनाकर कमरे में ले गया और उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य कर चोट पहुंचाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 176/26 अंतर्गत धारा 115(2) बीएनएस तथा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
आरोपी की गिरफ्तारी
थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण एवं सघन जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी देवराज पिता धीरप सौंधिया (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम रोज्या को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

