बिहार-झारखण्‍ड

गया जी में 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण, 35 महिलाएं होंगी आत्मनिर्भर

गया (SHABD): गया जी जिले के चंदौती थाना क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं के लिए 31 दिवसीय सिलाई मशीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भारत सरकार की पहल के तहत पंजाब नेशनल बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को टूल किट एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें सिलाई-कढ़ाई के आधुनिक कौशल सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाएं उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रही हैं और अपना स्वयं का रोजगार शुरू करने की इच्छा व्यक्त कर रही हैं।

ट्रेनर सुमंती देवी ने बताया कि सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं नए डिजाइन के वस्त्र जैसे फ्रॉक, सलवार आदि तैयार करना सीख रही हैं, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं के भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

वहीं, पंजाब नेशनल बैंक, आरसेटी के निदेशक जन्मजय कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से बीपीएल एवं कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए निःशुल्क है, जिसमें उन्हें आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है। प्रशिक्षण के उपरांत बैंक द्वारा स्वरोजगार हेतु ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

इस 31 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 35 महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद अपने घरों में ही स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

Related Articles

Back to top button