सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

दुमका: दुमका–रामपुरहाट मुख्य सड़क पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों युवक पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडंगा के रहने वाले थे और फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करते थे। मृतकों की पहचान हारून शेख और बबूर अली शेख के रूप में हुई है। दोनों युवक मोटरसाइकिल से रामपुरहाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरसडंगाल की ओर से दुमका की तरफ आ रहा एक हाइवा शिकारीपाड़ा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इसी में दोनों मोटरसाइकिल सवार युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।




