अन्नदाता के लिए खुशखबरी: गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया जारी, अब तक किसानों को हो चुका 2 हजार 547 करोड़ रुपये का भुगतान
*कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन* - *सांदीपनि विद्यालय के बच्चों ने 10वीं-12वीं की मेरिट में स्थान बनाया* - *महिला मंत्रियों ने किया सीएम डॉ. मोहन यादव का अभिवादन*

भोपाल। मध्यप्रदेश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने के लिए शासकीय संकल्प पारित हो चुका है। इसलिए महिला मंत्रियों ने 28 अप्रैल को आयोजित कैबिनेट मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिनंदन किया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिय उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कृष्णा गौर, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री प्रतिमा बागरी, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अभिवादन किया।
अभिवादन के बाद कैबिनेट मीटिंग से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संबोधन दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गेहूं उपार्जन का लक्ष्य 78 लाख मेट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मेट्रिक टन किया गया। मध्यम और बड़े किसानों को स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई। इस श्रेणी के 1 लाख 60 हजार 261 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं। स्लॉट बुकिंग की अवधि 30 अप्रैल से बढ़ाकर 9 मई तक की गई है। प्रदेश में अब तक कुल 9.49 लाख स्लॉट बुक हुए हैं। इनमें 4.49 लाख किसानों ने अपनी फसल बेची है। अब तक कुल 19.31 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हो चुका है, जिसके लिए 2 हजार 547 करोड़ रुपये की राशि भुगतान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हर शनिवार के अवकाश दिवस में भी स्लॉट बुकिंग और उपार्जन जारी रहेगा। हर उपार्जन केन्द्र पर तौल कांटों की संख्या 4 से बढ़ाकर 6 प्रति केन्द्र की गई है। किसान को तहसील के स्थान पर जिले के किसी भी उपार्जन केन्द्र पर उपज विक्रय करने की सुविधा दी गई। किसानों को राहत देते हुए एफए क्यू मापदण्ड में शिथिलता करते हुए चमकविहीन गेहूं की सीमा 50% तक, सूकड़े दाने की सीमा 6% से बढ़ाकर 10% तक और क्षतिग्रस्त दानों की सीमा बढ़ाकर 6% तक की गई।
*जल संरक्षण में करें सहयोग*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि 19 मार्च से प्रारंभ जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून तक चलेगा। सभी जिलों में कई गतिविधियां और नवाचार हो रहें है। इसी अभियान के मध्य 25 मई को गंगा दशहरा है। इस दिन पूरे प्रदेश में एक साथ जल गंगा संवर्धन अभियान को एक जन आंदोलन के रूप में आयोजित किया जाये। अधिक से अधिक व्यक्ति अपने आस-पास की जल संरचनाओं की बेहतरी के लिए श्रमदान करें। जन-जन को जल संरचनाओं के संरक्षण से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान के अंतर्गत नगरीय एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में एक साथ गतिविधियां आयोजित की जाएं। जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक, स्वयंसेवी संस्थायें, स्व-सहायता समूह, व्यापारी संगठन एवं अन्य शासकीय, अशासकीय संस्थाओं को भी जोड़ा जाए। मंत्री अपने-अपने प्रभार के जिलों में अभी से ही इस कार्यक्रम की तैयारी की रूपरेखा बनाएं।
*नागरिकों को जनगणना में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें मंत्री*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 26 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वां संस्करण में भारत की जनगणना-2027 पर केन्द्रित चर्चा की। इस बार जनगणना का अनुभव अलग रहने वाला है। क्योंकि, यह पूरी तरह से डिजिटल है। गणना करने वाले कर्मचारियों के पास मोबाईल एप है। नागरिक खुद भी अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जनगणना का महत्व बताते हुए इसकी प्रक्रिया में सभी के भाग लेने का आव्हान किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों से अपने-अपने क्षेत्र में नागरिकों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
*गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मॉडल सांदीपनि विद्यालय*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप सांदीपनि विद्यालयों से बेहतर परिणाम आने लगे हैं। हाल के ही दसवी एवं बारहवीं के नतीजों में इन विद्यालयों के 58 छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान बनाया। दसवीं की मेरिट सूची में 41 विद्यार्थी सांदीपनि विद्यालयों से हैं। वहीं, बारहवीं में 17 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। पिछले 4 वर्षों में सांदीपनि विद्यालयों में कक्षा दसवीं में उत्तीर्ण विद्यालयों का प्रतिशत बढ़कर 68 प्रतिशत से 88 प्रतिशत हो गया। कक्षा बारहवीं का परिणाम इस अवधि में बढ़कर 59 प्रतिशत से 89 प्रतिशत हो गया। सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण परिणामोन्मुख शिक्षा का मॉडल बन रहें हैं।
*कान्हा में आए जंगली भैंसे*
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश वन्य जीव संरक्षण और जैव विविधता सहयोग का नया केन्द्र बन गया है। प्रदेश में एक सदी से अधिक समय से जंगली भैंस प्रजाति विलुप्त हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि आज बालाघाट के सूपखार में जंगली भैंस का पुर्नस्थापन किया। चार जंगली भैंसों को उनके नये प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है। यह जंगली भैंसें असम के काजीरंगा से लाये गये हैं। मध्यप्रदेश और असम के बीच वन्य जीव का आदान-प्रदान का नया अध्याय शुरू हो रहा है। असम से गैडें/रायनों के दो जोड़े लाने की भी योजना है। भैंसों के आने से मध्यप्रदेश में जैव विविधता का नया आयाम जुड़ा है।

