RAJGARH

बेईमानी से अच्छा है मांगकर खाना, रिश्वत लेने वाला राष्ट्रद्रोही: राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा

लखन गुर्जर राजगढ़।मध्यप्रदेश शासन के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बेईमानी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो व्यक्ति पैसा लेता है, वह राष्ट्रद्रोही है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न बैठा हो।

राजगढ़ स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा—

“बेईमान आदमी को चाहे मंत्री बना दो, तहसीलदार बना दो या इंजीनियर बना दो, वह कभी नहीं सुधर सकता।”

उन्होंने आगे कहा—

“अगर भ्रष्टाचार की बात है तो पहले मेरी बात हो। मैं किसी का पानी तक नहीं पीता, सर्किट हाउस में चाय नहीं पी। मैं या मेरा परिवार किसी की गाड़ी में नहीं बैठता। बेईमानी से खाने से अच्छा है मांगकर खा लूं।”

राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक तीन विशेष अभियान चलाकर सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया गया है और आगे भी यह अभियान जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि सरकार ईमानदार अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है, जबकि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button