बिहार-झारखण्‍ड

पटना–बेतिया एक्सप्रेस-वे का मुख्यमंत्री ने सारण में किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश

पटना (SHABD): मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को सारण जिले में पटना–बेतिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाकर इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। बताया गया कि पटना से बेतिया को जोड़ने वाली इस ग्रीनफील्ड परियोजना पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके प्रथम चरण को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद पटना से बेतिया की दूरी लगभग 3 घंटे में तय की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना बिहार की महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी योजनाओं में से एक है। इसके निर्माण से पटना और बेतिया के बीच यात्रा सुगम होगी तथा अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा। साथ ही वैशाली, सारण, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उत्तर बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, सारण के जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button