उत्तराखंड

टिहरी झील में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का समापन

टिहरी गढ़वाल (SHABD):टिहरी झील में आयोजित पांच दिवसीय 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का समापन हो गया है। इस अवसर पर आईटीबीपी के डीजी शत्रुजीत कपूर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की।

पांच दिनों तक चली इस रोमांचक प्रतियोगिता में कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग जैसी स्पर्धाओं में देशभर से आए पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में 13 राज्यों की 19 टीमों के 475 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 52 स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

प्रतियोगिता में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 14 स्वर्ण, 12 रजत और 12 कांस्य पदक सहित कुल 38 पदक जीतकर 4 ट्रॉफियां अपने नाम कीं और ओवरऑल चैंपियन बनी। जबकि सीमा सुरक्षा बल ने 14 स्वर्ण, 14 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर कुल 37 पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, साथ ही 3 ट्रॉफियां भी अपने नाम कीं। तीसरे स्थान पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल रही, जिसने 7 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक सहित कुल 20 पदक जीतकर 1 ट्रॉफी अपने नाम की।

इस अवसर पर आईटीबीपी के आईजी मोहित चावला ने कहा कि पांच दिनों तक चली यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। उन्होंने इसे आईटीबीपी के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि टिहरी बांध की झील में इस तरह के आयोजन भविष्य में भी होते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button