जनसुनवाई में रखी मांग बनी उम्मीद की किरण,अब मोत्याबाई के खेत में बन रहा कुआँ

राजगढ़ जिले की जनपद पंचायत खिलचीपुर अंतर्गत ग्राम बेदर निवासी वृद्ध महिला श्रीमती मोत्याबाई पति श्री हरलाल वर्षों से पानी की समस्या से परेशान थीं। लगभग 1.5 बीघा कृषि भूमि होने के बावजूद सिंचाई के पर्याप्त साधन नहीं होने से वे अपनी जमीन का पूरा उपयोग नहीं कर पा रही थीं। पानी की कमी के कारण खेती प्रभावित होती थी तथा उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अपनी समस्या के समाधान के लिए श्रीमती मोत्याबाई द्वारा जनसुनवाई में उपस्थित होकर खेत में कुआँ निर्माण कराने की मांग रखती थीं। वृद्धावस्था के बावजूद उनकी लगन और उम्मीद बनी रही।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले एवं प्रशासन के प्रयासों से अब श्रीमती मोत्याबाई के खेत में कुआँ निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। कुआँ तैयार होने के बाद खेत में सिंचाई की स्थायी व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनकी कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। साथ ही उन्हें दैनिक उपयोग के लिए भी पानी की सुविधा प्राप्त होगी।
श्रीमती मोत्याबाई ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “मैं जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर जाती थी। मुझे विश्वास था कि एक दिन मेरी सुनवाई जरूर होगी। अब खेत में कुआँ बन रहा है, इससे मेरे परिवार को बहुत राहत मिलेगी।” यह सफलता की कहानी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें जरूरतमंद हितग्राही की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं ग्रामीण विकास के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।


