RAJGARH

राजगढ़ पुलिस का बड़ा अभियान: छात्राओं को साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा का दिया संदेश

नर्सिंग कॉलेज से लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 

राजगढ़। जिले में महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर राजगढ़ पुलिस द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छात्राओं और महिलाओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में राजगढ़ स्थित नर्सिंग महाविद्यालय एवं छात्रावास में छात्राओं के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर छात्राओं को इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। छात्राओं की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया गया और छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

वहीं, नरसिंहगढ़ में एसडीओपी मिनी शुक्ला, थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान एवं स्टाफ द्वारा महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सारंगपुर में एसडीओपी अरविंद सिंह एवं पुलिस टीम ने यादव नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए।

ब्यावरा क्षेत्र के एक विद्यालय में एसडीओपी प्रकाश शर्मा एवं थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ द्वारा छात्राओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई। इसी तरह खिलचीपुर में थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती एवं पुलिस स्टाफ ने सरदार पटेल स्कूल में छात्राओं को जागरूक किया।

सभी कार्यक्रमों में “गुड टच-बैड टच”, आत्मरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, फर्जी कॉल और लिंक से सतर्क रहने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता लेने की सलाह दी गई।

Related Articles

Back to top button