सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध जंग एचपीवी टीकाकरण में राजगढ़ जिला प्रदेश में दूसरे पायदान पर
*11,902 बालिकाओं को लगा सुरक्षा कवच, लक्ष्य प्राप्ति की ओर बढ़ते कदम*
महिलाओं में होने वाले जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के लिए शुरू किए गए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में राजगढ़ जिले ने पूरे मध्य प्रदेश में अपनी सफलता का परचम लहराया है। जिले में 28 फरवरी से शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत राजगढ़ वर्तमान में प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज हो गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा की गई सतत मॉनिटरिंग ओर दिशा निर्देश अहम रहे हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया ने बताया कि जिले के लिए कुल 15,942 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा समस्त विभागों से समन्वय स्थापित कराना और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता एवं जन-जागरूकता के चलते 25 मार्च तक 11,902 बालिकाओं को वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। गौरतलब है कि यह वैक्सीन वर्तमान में केवल 14 वर्ष की आयु वाली बालिकाओं को ही लगाई जा रही है। अभियान की शुरुआत जिले की केवल 7 स्वास्थ्य संस्थाओं से की गई थी, लेकिन वैक्सीन की बढ़ती मांग और अभिभावकों के उत्साह को देखते हुए केंद्रों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की गई। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भकोरिया के अनुसार, यह उपलब्धि स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और आमजन के सहयोग का परिणाम है।
वैक्सीन टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. भकोरिया ने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। दुनिया के 148 देशों में अब तक लगभग 50 करोड़ बालिकाओं का सफल टीकाकरण हो चुका है। यह वैक्सीन भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को जड़ से खत्म करने में सहायक है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जिन बालिकाओं ने अभी तक यह सुरक्षा कवच प्राप्त नहीं किया है, वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर टीकाकरण अवश्य करवाएं ताकि कैंसर मुक्त भविष्य की नींव रखी जा सके।
साथ ही ग्राम खारपोरस निवासी शिवानी ने बताया कि मैंने तो अपनी सुरक्षा का टीका लगवा लिया है, क्या आपने लगवाया? सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी ढाल है। अपनी सेहत से समझौता न करें, आज ही टीका लगवाएं।
ग्राम कचनारिया निवासी कुमकुम ने बताया कि कैंसर जैसी बीमारी का नाम सुनकर डर लगता है, लेकिन अच्छी बात यह है कि अब हमारे पास इससे बचने का रास्ता है। एचपीवी वैक्सीन न केवल महंगा है, बल्कि बहुत जरूरी भी है, और अब यह फ्री में उपलब्ध है। मुझे इसे लगवाने में कोई परेशानी नहीं हुई।
ग्राम रघुनाथ पूरा निवासी खुशबू ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं। यह टीका सुरक्षित है, मुफ्त है और आपको जीवनभर कई गंभीर बीमारियों से बचाता है। देरी न करें, अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं और खुद को सुरक्षित करें।
*समा क्रं./001/1506/03/2026 ……..00…….*


