छत्तीसगढ़

रंगपंचमी पर जंगली सूअरों का खून! वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 का अवैध शिकार करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में वन्यजीवों के अवैध शिकार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रंगपंचमी के त्योहार के बीच शिकारियों ने जंगल की शांति को लहूलुहान कर दिया। कांकेर वन मंडल के अंतर्गत नरहरपुर और कांकेर वन परिक्षेत्र में पांच जंगली सूअरों का अवैध शिकार किए जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वन विभाग को इस अवैध शिकार की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वयसकोंगेरा क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में एक जंगली सूअर को ले जाते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने कई और चौंकाने वाले खुलासे किए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने आसपास के अन्य स्थानों पर भी जंगली सूअरों का शिकार किया है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने सहायक वन संरक्षक (प्रशिक्षु) नुसरत सबा के नेतृत्व में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान टीम को चार मृत जंगली सूअरों के अवशेष और एक जीवित जंगली सूअर बरामद हुआ। इसके अलावा शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामग्री भी मौके से जब्त की गई है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहीं सहायक वन संरक्षक (प्रशिक्षु) नुसरत सबा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी जंगली सूअरों का शिकार कर उनका मांस बेचने की योजना बना रहे थे। रंगपंचमी के त्योहार के दौरान मांस की अधिक खपत होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने इस अवैध शिकार को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की। इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध शिकार के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button