राजस्‍थान

मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक- प्रदेश में ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाने के निर्देश

जयपुर, 6 मार्च। मुख्य सचिव श्री वी.श्रीनिवास की अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में वीसी के माध्यम से ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत सुचारू पेयजल व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने इस दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च ), सिविल सेवा दिवस-2026 (21 अप्रेल) से सम्बंधित आयोजनों के बारे में भी अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने प्रदेश में आगामी गर्मी के मौसम में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किए गए पर्याप्त इंतजाम की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिला कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी साप्ताहिक समीक्षा बैठकों और फील्ड विजिट के माध्यम से जलापूर्ति व्यवस्था की निरंतर निगरानी करें ताकि आमजन को राहत मिल सके।

बैठक में बताया कि ग्रीष्मकाल में पानी की निर्बाध आपूर्ति के लिए प्रत्येक जिले को 1 करोड़ रूपये का बजट स्वीकृत किया गया है। हैंडपंप मरम्मत अभियान के लिए वाहन एवं लेबर की व्यवस्था आगामी 10 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जल परिवहन की दरों का निर्धारण और आकस्मिक कार्यों के सभी वर्क ऑर्डर आगामी 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से जारी किए जाएंगे। इस के साथ ही जल जीवन मिशन की योजनाओं को सुचारू रखने और बंद योजनाओं को पुनः चालू करने के लिए जिला कलेक्टर को मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। टैंकरों से जलापूर्ति पेयजल संकट वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से टैंकरों द्वारा जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

8 मार्च को जोर शोर से मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बैठक में 8 मार्च को मनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की तैयारियों को जायजा लिया। प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग श्री भवानी सिंह देथा ने इस अवसर पर जिलेवार होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा पेश की ।
मुख्य सचिव ने आधिकारियों से कहा कि बजट में सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जो योजनाएं धरातल पर उतारी हैं उसके बारे में महिलाओं को जानकारी होना जरूरी है । इस दिवस का उपयोग हम इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार के रूप में कर सकते हैं।

सिविल सेवा दिवस-2026-

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कहा कि सिविल सेवा दिवस में भाग लेना अपने आप में एक सुखद अनुभव है। इस दिवस के माध्यम से हम प्रशासनिक तंत्र को और अधिक जिम्मेदार तथा जन केन्द्रित बना सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जिलों में बेहतर कार्य करने वाले, नवाचार लाने वाले और जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन करने वाले अधिकारियों को सम्मानित करने से लोगों को आपके कार्यों के बारें में जानकारी मिलती है। उन्होंने सभी सचिवों और अधिकारियों से सीएम एक्सीलेंस अवार्ड के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में आवेदन करने को कहा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग श्री दिनेश कुमार ने सिविल सेवा दिवस-2026 के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रम की रूपरेखा को विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि सीएम एक्सीलेंस अवार्ड के लिए आगामी 23 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। सिविल सेवा दिवस-2026 के पूर्ण सत्र अधिवेशन मेें सेरेमोनियल फोटोग्राफ्स तथा कुछ समसामयिक मुद्दों पर चर्चा का भी आयोजन किया जाएगा । उल्लेखनीय है कि हर साल 21 अप्रेल को राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस मनाया जाता है।

बैठक में महानिदेशक,एचसीएम-रीपा श्री राजेश यादव, प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग श्री भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग श्री देबाशीष पृष्टि, शासन सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग श्री रवि कुमार सुरपुर, विशिष्ट सचिव मुख्यमंत्री, श्री संदेश नायक, संयुक्त शासन सचिव, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग डॉ. रविन्द्र गोस्वामी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त अन्य विभागीय सचिव, संभागीय आयुक्त एवं सभी जिला कलेक्टर वीसी के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Related Articles

Back to top button