Breaking News

सरपंच की कथित गुंडागर्दी का वीडियो वायरल, पीड़ित पहुंचे एसपी कार्यालय

 

राजगढ़। जिले के इकलेरा गांव में सरपंच पर कथित मारपीट के आरोप से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पीड़ित बताए जा रहे तीनों पत्रकारों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं में विश्वास चंद्रवंशी पिता दुर्गा प्रसाद चंद्रवंशी (स पत्रकार संगठन का प्रदेश अध्यक्ष, सामाजिक प्रकोष्ठ हैं), धर्मेंद्र बामनिया पिता शिवनारायण बामनिया (प्रेस न्यूज़ नेशनल लाइव के रिपोर्टर) एवं जितेंद्र नायक पिता उमराव सिंह (सहयोगी पत्रकार) शामिल हैं। तीनों पड़ोसी जिला शाजापुर के कालापीपल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

तीनों शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे एक प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम पंचायत इकलेरा पहुंचे थे और संबंधित विषय पर सरपंच से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान सरपंच द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की गई। उनका दावा है कि इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में ग्राम इकलेरा के सरपंच श्रवण पाटीदार के दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी का जिला उपाध्यक्ष भी बताया जा रहा है।

घटना 13 फरवरी शुक्रवार के दिन सुबह 11:00 बजे इकलेरा गांव के बाजार की बताई जा रही है

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला तलेन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और वायरल वीडियो की सत्यता, समय व परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button