गोरखपुरः सीएम योगी ने विकास खंड जंगल कौड़िया में पुनर्निर्मित खंड विकास अधिकारी कार्यालय का किया उद्घाटन

File Photo
लखनऊ :योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के जंगल कौड़िया ब्लॉक परिसर में नवनिर्मित मुख्य गेट, बीडीओ कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण व सुंदरीकरण और चाहरदीवारी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने 1962 में बने पुराने ब्लॉक भवन के स्थान पर पुनर्निर्मित खंड विकास अधिकारी कार्यालय का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास और गरीब कल्याण को साथ लेकर चल रही है। बिना भेदभाव के हर गरीब को आवास, शौचालय, राशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा दी जा रही है। निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन तथा गांव-गांव सड़कों का सुधार सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया। कैंपियरगंज में जटायु संरक्षण केंद्र बनाकर गिद्धों की संख्या बढ़ाने की पहल की गई है। साथ ही प्रदेश का पहला फॉरेस्ट्री एवं हॉर्टिकल्चर विश्वविद्यालय यहां बन रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।




