उत्तराखंड में होगा “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” और देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल का आयोजन

देहरादून : पर्यटन विभाग के द्वारा चमोली जिले की नीति घाटी में आगामी 31 मई को “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” का आयोजन प्रस्तावित है। जिसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी. और मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी. मैराथन आयोजित की जाएगी। इस मैराथन में विदेशी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने हेतु भी प्रयास किए जा रहे हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि इसके साथ ही जून में भारतीय सेना के साथ मिलकर राज्य का पर्यटन विभाग बद्रीनाथ एवं माणा में देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल के द्वितीय संस्करण का आयोजन करेगा। इसके अलावा 80 के दशक में कुमाऊँ से गढ़वाल के मध्य होने वाली प्रसिद्ध हिमालयन कार रैली का भी पुनः आयोजन किया जायेगा।
सतपाल महाराज ने कहा कि पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुण्ड रोपवे का निर्माण कार्य इस वर्ष से होना प्रस्तावित है। जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुगमता और सुविधा होगी।
महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन को वर्षभर के पर्यटन चक्र में समाहित कर उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में संतुलित और सतत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।




