संतकबीरनगर में ईडी की बड़ी कार्रवाई, ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा के आवास पर छापा

लखनऊ : संतकबीरनगर जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह लखनऊ से पहुंची ईडी की टीम ने खलीलाबाद के मीट मंडी स्थित उनके आवास ‘रजा मंजिल’ पर छापेमारी की। सुरक्षा के मद्देनज़र टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात रहे। बताया जा रहा है कि तीन वाहनों से पहुंची ईडी की टीम ने घर में मौजूद परिजनों से पूछताछ करते हुए दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है। मौलाना पर विदेशी फंडिंग के जरिए मदरसे के निर्माण और अन्य संपत्तियां अर्जित करने के आरोप हैं। एसटीएस की जांच में उनके पाकिस्तान कनेक्शन की बात भी सामने आई थी, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। विदेशी धन के लेन-देन और संभावित फेमा उल्लंघन को लेकर ईडी जांच कर रही है। मौलाना संतकबीरनगर के देवरिया लाल गांव का निवासी बताया जाता है और पहले आजमगढ़ के एक मदरसे में शिक्षक था। वर्ष 2013 में उसने ब्रिटिश नागरिकता हासिल कर ली थी और तब से ब्रिटेन में रह रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की तहरीर पर उसके खिलाफ फेमा के तहत खलीलाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और आगे की जांच के आधार पर अन्य खुलासे होने की संभावना है।




