जल गंगा संवर्धन अभियान 100 दिवसीय कार्ययोजना के साथ भूजल संरक्षण पर जोर

राजगढ़
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में भूजल संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर व्यापक स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसी क्रम में विज्ञान भवन नई दिल्ली एवं प्रशासनिक अकादमी भोपाल में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित एक्वीफर मैनेजमेंट प्लान प्रेजेंटेशन कार्यशाला में जिले की ओर से रिचार्ज शाफ्ट एवं जल संरचनाओं के निर्माण का प्लान प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि गहरी जल शिराओं के पुनर्भरण हेतु जिले में डिफेक्ट बोरवेल में रिचार्ज पिट निर्माण, तालाबों, अमृत सरोवर एवं चेक डैम के समीप रिचार्ज शाफ्ट निर्माण के माध्यम से भूजल संवर्धन कार्य किए जाएंगे। इन संरचनाओं से वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भूजल स्तर को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने लक्ष्यों के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत 100 दिवसीय कार्ययोजना बनाकर प्रभावी रूप से कार्य करें। साथ ही जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए तकनीकी मानकों के अनुरूप भूजल पुनर्भरण कार्य किए जाएं। शहरी क्षेत्रों में भी जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए नगर पालिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि चयनित शासकीय भवनों में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया जाए, जिससे वर्षा जल का बेहतर उपयोग हो सके।
इस अभियान के माध्यम से जिले में जल संकट को कम करने एवं पेयजल स्रोतों को दीर्घकालीन बनाए रखने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।



