आबकारी विभाग की शराब दुकानों की नीलामी प्रक्रिया जारी

राजगढ़ जिले में आबकारी विभाग अंतर्गत संचालित शराब दुकानों की नीलामी प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को जिले की कुल 89 दुकानों के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए गए। प्राप्त जानकारी अनुसार, इन 89 दुकानों में से 35 दुकानों पर पृथक-पृथक रूप से ई-टेंडर कम अथवा ऑप्शनल टेंडर प्राप्त हुए हैं। उक्त 35 दुकानों के लिए बोली लगाने की प्रक्रिया 27 मार्च, 2026 शुक्रवार को सायं 4 बजे से प्रारंभ होकर बोली समाप्त होने तक सतत रूप से जारी रहेगी।
इसके अतिरिक्त, जिन 9 दुकानों पर क्लोज्ड बिड ऑफर प्राप्त हुए हैं, उनकी निविदाएं बोली प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत खोली जाएंगी। क्लोज्ड बिड एवं ई-टेंडर कम ऑप्शन के माध्यम से प्राप्त अधिकतम दरों का परीक्षण कर अंतिम स्वीकृति हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाएगा। उक्त संपूर्ण प्रक्रिया कलेक्ट्रेट मीटिंग हॉल में पारदर्शिता एवं नियमानुसार संपन्न की जा रही है। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री रितेश लाल द्वारा नीलामी प्रक्रिया का अवलोकन किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जिला प्रशासन द्वारा पूरी नीलामी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


