पटना: बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में हो रहे रोमांचक मुकाबले

कंकड़बाग (SHABD) :पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में 25 से 29 मार्च तक बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार सरकार और अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का चौथा चक्र पूर्ण हुआ। चौथे चक्र के बाद 19 खिलाड़ी चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।
चौथे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर खेलते हुए रूसी ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बिहार के जूनियर चैंपियन दिव्यांशु सिंह को 36 चालों में पराजित किया। काले मोहरों से खेलते हुए पीटर ने फ्रेंच सुरक्षा पद्धति अपनाई और अपने दोनों ऊंटों का बेहतरीन उपयोग कर दिव्यांशु का एक मोहरा मारकर बाजी अपने नाम की।
दूसरे बोर्ड पर बिहार के रेयान मोहम्मद ने उत्तर प्रदेश के शिवाय सिंह के खिलाफ 101 चालों की लंबी बाजी में सफेद मोहरों से जीत हासिल की। तीसरे बोर्ड पर दिल्ली के समीर चौधरी और बंगाल के अलेख्य मुखोपाध्याय के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
चौथे बोर्ड पर महाराष्ट्र के महिंद्राकर इंद्रजीत ने बिहार के प्रेम कुमार को 55 चालों में पराजित किया। वहीं, पांचवें बोर्ड पर नेपाल चैंपियन रुपेश जायसवाल ने उत्तर प्रदेश की ऐशानी पाठक को 35 चालों में हराया।
आज के प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे:
पीटर क्रियाकोव 4 – दिव्यांशु कुमार सिंह 3
रेयान मोहम्मद 4 – शिवाय सिंह 3
समीर चौधरी 3½ – अलेख्य मुखोपाध्याय 3½ (ड्रा)
महिंद्राकर इंद्रजीत 4 – प्रेम कुमार 3
रुपेश जायसवाल 4 – ऐशानी पाठक 3
राम चरण 3½ – सुधांशु रंजन 3½ (ड्रा)
परम्ब्रत सरकार 4 – शिवकोटि कबिन्द्र 3
अमन बलाना 4 – सुभाष विपल 3
कृष्णम हाजरिका 4 – मरियम फातिमा 3
गुरुंग रोहित 4 – कुमार सुशील कुमार सिंह 3
प्रतियोगिता में सभी बोर्ड पर प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।



