बिहार-झारखण्‍ड

सारण में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत

सारण : सारण जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत एक अलग और भरोसेमंद संदेश के साथ हुई। दवा देने से पहले स्वास्थ्यकर्मी ने जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की लंबाई मापी, जिसके बाद डीएम ने सभी मानकों का पालन करते हुए स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया। इससे आम लोगों में दवा के प्रति विश्वास बढ़ा।

10 से 27 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के 40.46 लाख लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा दी जाएगी। पहले 14 दिनों तक आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा वितरित करेंगी, जबकि अंतिम तीन दिनों में बूथ लगाकर दवा दी जाएगी। अभियान के लिए 2,198 टीमें, 4,396 आशा कार्यकर्ता और 217 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने जागरूकता फैलाने के लिए 20 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर लोगों को अभियान और दवा के महत्व के बारे में बताएंगे। 11 फरवरी को आंगनबाड़ी केंद्रों पर मेगा कैंप भी लगाया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने कहा कि फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन इसे खाली पेट नहीं लेना है। दो साल से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति इस अभियान से बाहर रखे गए हैं।

Related Articles

Back to top button