गोरखपुर में फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी

लखनऊ : गोरखपुर में फर्जी पुलिस इंस्पेक्टर बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सिकरीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिकरीगंज क्षेत्र में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नीरज शर्मा नामक व्यक्ति ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि एक व्यक्ति स्वयं को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर उससे नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये ठग चुका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 55 वर्षीय दिग्विजयनाथ पुत्र रामलाल निवासी ग्राम लखवापाकड़, थाना बेलघाट के रूप में हुई है। जांच में वह फर्जी इंस्पेक्टर निकला। उसके पास से एक चार पहिया वाहन, पुलिस की वर्दी, नेम प्लेट व बैज, पीकैप, पुलिस आईकार्ड, कैप बेल्ट, मोनोग्राम, स्टार सहित वर्दी में प्रयुक्त होने वाले अन्य सामान बरामद किए गए। गिरफ्तारी के समय आरोपी वर्दी पहनकर कार चला रहा था और उसके पास से बरामद आईडी कार्ड भी जांच में फर्जी पाया गया।एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूली है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




