मध्यप्रदेश

धनपुरी में विकास कार्यों को मिली नई गति : शॉपिंग कॉम्प्लेक्स सौंदर्यीकरण व आंगनबाड़ी भवनों का हुआ भूमिपूजन

 

 

धनपुरी। मोहम्मद असलम बाबा नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा नगर के समग्र एवं योजनाबद्ध विकास को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। नागरिक सुविधाओं के विस्तार, सौंदर्यीकरण तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर धनपुरी क्रमांक-3 स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के सौंदर्यीकरण कार्य के साथ-साथ वार्ड क्रमांक-9 एवं 13 में नवीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।

नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा, उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद खंडेलवाल, सभापति एवं पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स क्रमांक-3 (वार्ड क्रमांक-13) में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्य से क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा और नगर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। वहीं वार्ड क्रमांक-9 (रूद्र चौक के समीप) एवं वार्ड क्रमांक-13 (नाला टोला) में निर्मित होने वाले आंगनबाड़ी केंद्र भवन बच्चों, महिलाओं एवं माताओं के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री पूजा बुनकर ने कहा कि नगर पालिका परिषद धनपुरी का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं है, बल्कि जनहित को केंद्र में रखते हुए सुनियोजित, पारदर्शी एवं टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है। प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाना नगर पालिका की प्राथमिकता में शामिल है।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा ने कहा कि धनपुरी को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त नगर के रूप में विकसित करना नगर पालिका की सतत सोच है। सौंदर्यीकरण से लेकर सामाजिक उपयोगिता से जुड़े भवनों के निर्माण तक, सभी विकास कार्य नागरिकों के हित को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नगर पालिका परिषद के विकासात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धनपुरी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में नगर विकास की एक सशक्त पहचान बनेगा।

नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा किए जा रहे ये विकास कार्य न केवल आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेंगे, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को भी नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Back to top button