मध्यप्रदेश

तिरंगे की शान और शहीदों के सम्मान के लिए धनपुरी तैयार

26 जनवरी को राष्ट्रभक्ति, जोश और जुनून के साथ मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस, अमर शहीदों को नमन का ऐतिहासिक संकल्प

धनपुरी।मोहम्मद असलम बाबाभारतीय गणतंत्र की गौरवशाली परंपरा, संविधान के सम्मान और अमर शहीदों की स्मृतियों को सहेजते हुए नगर पालिका परिषद् धनपुरी ने 26 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को भव्य, गरिमामयी और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण में मनाने का सर्वसम्मत निर्णय लिया है। यह निर्णय परिषद् की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति एवं समस्त पार्षदगणों की गरिमामयी उपस्थिति में लिया गया।
परिषद् के निर्णय के अनुसार, नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत स्थापित अमर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर जनप्रतिनिधियों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह आयोजन उन वीर सपूतों के बलिदान को स्मरण करने का प्रतीक होगा, जिन्होंने देश की आज़ादी और संविधान की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर के सभी शासकीय एवं निकाय भवनों को भव्य विद्युत सज्जा से आलोकित किया जाएगा, ताकि पूरे धनपुरी नगर में देशभक्ति का उत्सव, उत्साह और गर्व स्पष्ट रूप से झलक सके। वहीं ध्वजारोहण कार्यक्रम पूर्व वर्षों की भांति पूरे सम्मान और विधिविधान से संपन्न कराया जाएगा, जिसमें राष्ट्रगान के साथ संविधान के प्रति निष्ठा का संदेश दिया जाएगा।
परिषद् ने यह भी निर्णय लिया है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को त्याग, बलिदान, शौर्य और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिल सके। यह सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का जीवंत प्रतीक होगा।
नगर पालिका परिषद् ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक पर्व है। 26 जनवरी का यह आयोजन धनपुरी में देशभक्ति, अनुशासन और एकजुटता का सशक्त संदेश देगा।
परिषद् का यह संकल्प दर्शाता है कि धनपुरी नगर अमर शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और भारतीय गणतंत्र की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 26 जनवरी को धनपुरी एक बार फिर राष्ट्रप्रेम, जोश और जुनून के रंग में रंगा नजर आएगा।

Related Articles

Back to top button