उत्तर प्रदेश
अलीगढ़ में 5429 परिवारों को मिलेगा पक्का आवास
लखनऊ : अलीगढ़ जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 5429 आवासहीन परिवारों को जल्द ही पक्की छत का लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में विकास भवन में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी लक्ष्य निर्धारण के लिए सर्वे कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होने पर जांच और रिवीजन किया जाएगा। फिलहाल करीब 5500 आवास निर्माण प्रक्रिया में हैं। सर्वे पूर्ण होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर नया लक्ष्य तय किया जाएगा।




