RAJGARH

चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी, जिला न्यायालय की दीवारों पर थूक की पिचकारियों का अंबार

राजगढ़।

जिला न्यायालय परिसर, जहाँ पूरे जिले के लोग न्याय की आस लेकर पहुंचते हैं, वहीं कुछ लोगों की लापरवाही और असंवेदनशीलता के कारण परिसर की गरिमा को ठेस पहुंचती दिखाई दे रही है। जिला न्यायालय की जिस दीवार पर स्पष्ट रूप से “यहां थूकना मना है” लिखे चेतावनी बैनर लगाए गए हैं, उसी दीवार पर थूक की पिचकारियों का अंबार देखने को मिला।

हैरानी की बात यह है कि यह चेतावनी बैनर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की ओर से लगाए गए हैं, इसके बावजूद नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। न्यायालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, फिर भी थूकने और गंदगी फैलाने वालों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। आखिर नियम तोड़ने वालों पर निगरानी के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही, यह जांच का विषय बना हुआ है।

न्यायालय जैसे संवेदनशील और अनुशासित परिसर में इस तरह की गंदगी न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि न्यायिक व्यवस्था की गरिमा को भी प्रभावित करती है। आम नागरिकों का कहना है कि जब न्यायालय परिसर में ही नियमों का पालन नहीं हो रहा, तो समाज में स्वच्छता को लेकर जागरूकता कैसे आएगी।

इस संबंध में न्यायालय की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर कोर्ट के नाजिर ने जानकारी देते हुए बताया कि आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कोर्ट परिसर की नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। बावजूद इसके, कुछ लोगों की आदतों के कारण बार-बार गंदगी फैल रही है।

Related Articles

Back to top button