Breaking News

मूलभूत सुविधाओं को लेकर मोहल्ला बांसवाड़ा के रहवासियों की पुकार, “हारे के सहारे” श्री श्याम के दरबार में लगाई गुहार

राजगढ़। नगर के वार्ड क्रमांक-08 स्थित मोहल्ला बांसवाड़ा (छारबाग) के रहवासियों ने क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के निराकरण को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। पिछले लगभग 7 माह से टूटे हुए रास्ते, क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे, झूलते तार एवं बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की समस्या से परेशान नागरिकों ने शासन-प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

रहवासियों के अनुसार उन्होंने समाचार पत्रों, सीएम हेल्पलाइन तथा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में भी आवेदन प्रस्तुत किए, बावजूद इसके समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। लगातार अनदेखी से आहत नागरिकों ने अब आस्था का सहारा लेते हुए “हारे के सहारे” श्री श्याम के दरबार में प्रार्थना की है।

समस्त रहवासियों ने सामूहिक रूप से निवेदन करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याएं गंभीर हैं और आमजन को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर टूटे रास्तों और झूलते बिजली तारों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, वहीं अंधेरे के कारण रात्रि में आवागमन कठिन हो गया है।

रहवासियों ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button