उत्तर प्रदेश

अलीगढ़ में 5,429 आवासहीनों को मिलेगा पक्का घर, पीएम आवास योजना की प्रगति पर डीएम ने की सख्त समीक्षा

लखनऊ : अलीगढ़ जिले में 5,429 आवासहीनों को जल्द ही पक्की छत वाला आवास मिलने वाला है। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की जिला स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की अद्यतन प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराया जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब, निराश्रित और वंचित परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरी गंभीरता से लागू किया जाए।

जिलाधिकारी संजीव रंजन ने आगे कहा कि योजना का आगामी लक्ष्य निर्धारित करने के लिए सर्वे का कार्य कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद चेकिंग और रिवीजन किया जाएगा। फिलहाल लगभग 5,500 आवासों का निर्माण प्रक्रिया में है और सही डेटा तभी उपलब्ध होगा जब यह पूरी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद ही रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी और शासन द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button