उन्नाव में भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी व दो बच्चों की मौत

लखनऊ: उन्नाव में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। लखनऊ की ओर जा रही एक बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रक बाइक सवारों को रौंदता हुआ आगे निकल गया। यह हादसा सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और हाईवे पर यातायात सामान्य कराया। प्रारंभिक जानकारी में मृतक अजगैन कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।




